



जिला ऊना के सनोली गांव में राजकीय सम्मान के साथ होगा इंस्पेक्टर जीत सिंह का अंतिम संस्कार
समाचार दृष्टि ब्यूरो/नाहन
जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जीत सिंह महल की शुक्रवार सुबह 5:30 बजे पांवटा साहिब में हार्टअटैक से मौत हो गई। सिरमौर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जीत सिंह धर्मशाला में कोर्ट एविडेंस के लिए शुक्रवार को निकलने थे। इसलिए वह वीरवार देर शाम को पांवटा साहिब में अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंचे थे। सुबह जीत सिंह ने उनके साथ जाना था।
शुक्रवार सुबह 5:30 बजे के आसपास जीत सिंह को साइलेंट अटैक पड़ा। उनके रिश्तेदारों द्वारा उन्हें सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरो ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिली है कि कुछ समय पहले ही जीत सिंह के हार्ट स्टंट डाले हुए थे। वह कुछ समय से बीमार भी चल रहे थे मगर फिर भी वह अपनी ड्यूटी कर रहे थे।
बता दें कि इंस्पेक्टर जीत सिंह का जन्म 16 अक्टूबर 1966 को ऊना जिला के सनौली गांव में हुआ था। जीत सिंह पुलिस विभाग में 22 दिसंबर 1986 को बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए थे। जिला सिरमौर में इंस्पेक्टर जीत सिंह ने 15 फरवरी 2022 को नाहन में ज्वाइन किया था। उसके बाद कुछ महीनों के लिए वह पुलिस थाना पुरुवाला के प्रभारी भी रहे। नवंबर 2023 में श्रीरेणुकाजी पुलिस थाना प्रभारी के पद पर ट्रांसफर हुए थे जहां वह अपनी सेवाएं दे रहे थे।
जिला सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि इंस्पेक्टर जीत सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। इस संदर्भ में ऊना पुलिस को जानकारी दे दी गई हैं। इंस्पेक्टर जीत सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।